10:54 am Sunday , 1 November 2026
BREAKING NEWS

अज्ञात बीमारी का कहर: पांच भैंसों की मौत, दो की हालत गंभीर; पशुपालक पर टूटा आर्थिक संकट

अज्ञात बीमारी का कहर: पांच भैंसों की मौत, दो की हालत गंभीर; पशुपालक पर टूटा आर्थिक संकट

केशव गुप्ता

सहसवान। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रसूलपुर टप्पा मलसई में अज्ञात बीमारी ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। बीमारी की चपेट में आने से एक पशुपालक की पांच भैंसों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य भैंसों की हालत गंभीर बनी हुई है। लगातार हो रही पशुओं की मौत से गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
ग्राम पंचायत रसूलपुर टप्पा मलसई निवासी पशुपालक विशेष कुमार ने बताया कि उनकी भैंसें अक्टूबर माह से अज्ञात बीमारी से पीड़ित थीं। पशुओं को बचाने के लिए उन्होंने अपने स्तर से निजी पशु चिकित्सकों से इलाज कराया। इस दौरान अपनी जमा पूंजी से करीब 40 से 50 हजार रुपये भी खर्च कर दिए, लेकिन इसके बावजूद पांच भैंसों की जान नहीं बचाई जा सकी।
पशुपालक के मुताबिक, दो अन्य भैंसों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। मामले की जानकारी मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम गांव पहुंची और पशुओं का उपचार किया। 1962 एंबुलेंस कर्मी प्रताप सिंह ने बताया कि टीम दो बार गांव पहुंचकर पशुओं का इलाज कर चुकी है, लेकिन बीमारी के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
गंभीर हालत में मिली भैंसों को बेहतर उपचार के लिए बरेली स्थित पशु अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई है। वहीं, पशुओं की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आर्थिक संकट में आया परिवार
पांच भैंसों की मौत से पशुपालक विशेष कुमार के परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पशुपालन ही परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन था। इलाज पर हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी पशुओं को नहीं बचा पाने से परिवार बेहद परेशान है। पीड़ित ने प्रदेश सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि इस मुश्किल समय में परिवार को राहत मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.