मंदिर की जमीन को लेकर घमासान! महंत प्रयाग दास ने समाधि लेने का किया ऐलान, हजारों ग्रामीण मंदिर परिसर में जुटे, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
केशव गुप्ता
कादरचौक (ग्राम लभारी)। ग्राम लभारी में मंदिर की जमीन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंदिर की भूमि पर कथित रूप से जबरन कब्जा किए जाने के आरोपों के बीच महंत प्रयाग दास ने समाधि लेने का ऐलान कर दिया है। महंत प्रयाग दास का कहना है कि कुछ दबंग लोग मंदिर की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरे मामले में चुप्पी साधे बैठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार अपनी बात रखने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी से आहत होकर उन्होंने अपने प्राण त्यागने की बात कही है।
महंत के इस ऐलान की खबर फैलते ही ग्राम लभारी सहित आसपास के क्षेत्रों में हलचल मच गई। मंदिर की जमीन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस मामले के विरोध में विभिन्न समाजों के लोग एकजुट होकर मंदिर परिसर में पहुंच रहे हैं। देखते ही देखते मंदिर प्रांगण में हजारों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्रित हो गए। लोगों ने मंदिर की जमीन को सुरक्षित रखने और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर की जमीन धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है और इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। लोगों ने मांग की है कि जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जाए और यदि किसी ने अवैध कब्जे का प्रयास किया है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल ग्राम लभारी में स्थिति को लेकर लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हुई हैं। महंत प्रयाग दास की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मंदिर की जमीन से जुड़े विवाद का शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष समाधान निकालना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मौके पर पहुंचकर मामले का निस्तारण कराने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com