बिसौली में युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
केशव गुप्ता
जबरन मोहल्ले की ओर ले जाने के दौरान मोबाइल गिरने का दावा, पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
बिसौली, बदायूँ। कोतवाली बिसौली क्षेत्र के ग्राम परवेजनगर में एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित विकास पुत्र मुनेन्द्र ने चार लोगों पर मारपीट करने तथा जबरन अपने मोहल्ले की ओर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित द्वारा दिए गए प्रार्थना-पत्र के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे की है। विकास अपने घर के पास स्थित मंदिर पर खड़ा होकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मोहित व सुनील पुत्रगण राजा प्रताप, अनुजुल पुत्र तनु तथा सोमवीर पुत्र हरपाल, निवासी ग्राम परवेजनगर, वहां पहुंचे और कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि चारों लोग विकास को पकड़कर जबरन अपने मोहल्ले की ओर ले जाने लगे और उसके साथ लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
विकास के अनुसार, घटना के दौरान उसका वीवो Y28 मोबाइल फोन रास्ते में कहीं गिर गया। मारपीट में उसे चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने दावा किया है कि जबरन ले जाने की घटना का वीडियो भी उसके पास उपलब्ध है।
पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली बिसौली को प्रार्थना-पत्र देकर मामले की जांच कराने तथा आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com