6:49 am Sunday , 1 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: टैक्स बकाया होने पर 11 वाहन सीज, 5 लाख रुपये की होगी वसूली

बदायूं में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: टैक्स बकाया होने पर 11 वाहन सीज, 5 लाख रुपये की होगी वसूली
तीन दिवसीय अभियान में जेसीबी, टैक्सी कार और ऑटो समेत 11 वाहनों पर हुई कार्रवाई, वाहन स्वामियों में मचा हड़कंप
बदायूं। शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स जमा न करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। 29 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चले इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान विभाग की टीम ने जनपद में कुल 11 वाहनों को सीज कर लिया। इन वाहनों पर करीब 5 लाख रुपये का टैक्स बकाया है, जिसे सरकारी खाते में जमा कराया जाएगा।
यह अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) श्री हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी श्री अभिनव चौधरी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के अंतिम दिन 31 अक्टूबर को परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग कर बकाया टैक्स वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 02 जेसीबी और 01 वैन को थाना बिनावर में बंद कराया गया। वहीं, 02 जेसीबी, 03 टैक्सी कार और 03 थ्री-व्हीलर ऑटो को उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया। इस प्रकार कुल 11 वाहनों को विभाग ने अपने कब्जे में लिया।
परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान ऐसे वाहनों को चिह्नित किया, जिन पर लंबे समय से सरकारी टैक्स बकाया था। वाहन स्वामियों को नियमानुसार बकाया कर जमा करने के निर्देश भी दिए गए।
एआरटीओ ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में बकाया टैक्स वाले वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे समय से अपने वाहनों का टैक्स जमा करें और सभी वैधानिक दस्तावेज पूर्ण रखें। नियमों का उल्लंघन करने तथा बकाया कर जमा न करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राजस्व की वसूली और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.