2:05 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी सीएचसी में तैनात महिला चिकित्सक से रंगदारी मांगने का आरोप, दो कथित पत्रकारों पर रिपोर्ट दर्ज।


बिल्सी बदांयू 31 अक्टूबर।

कस्बा बिल्सी की एक महिला चिकित्सक ने दो कथित पत्रकारों पर विज्ञापन के नाम पर रुपये मांगने और रुपये न देने पर फेसबुक व सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर थाना बिल्सी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना महिला उप निरीक्षक रचना देशवाल को सौंपी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी डॉ. चारू वार्ष्णेय पत्नी डॉ. प्रसून वार्ष्णेय निवासी मोहल्ला नंबर एक कस्बा व थाना बिल्सी ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि वह वर्तमान में सीएचसी बिल्सी पर संविदा पर कार्यरत हैं और साथ ही गायत्री अस्पताल बिल्सी में पार्ट टाइम कार्य करती हैं।

तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से ग्राम शेखपुर मजरा थाना बिल्सी निवासी सूरज सागर पुत्र मोर सिंह जो खुद को टीवी-30 चैनल का पत्रकार बताता है और ग्राम रायपुर बुजुर्ग थाना बिल्सी निवासी जाविद अली पुत्र सराफत अली जो खुद को जनता टीवी चैनल का पत्रकार बताता है, ने उनसे विज्ञापन के नाम पर रुपयों की मांग की।

पीड़िता का आरोप है कि रुपये न देने पर दोनों ने झूठा मुकदमा लिखवाने और उनके पति को देख लेने की धमकी दी। आरोप है कि हाल ही में दोनों ने उनकी छवि धूमिल करने के लिए अपनी-अपनी फेसबुक आईडी व सोशल मीडिया पर दिनांक 25 अक्टूबर को एक पोस्ट डाली, जिसमें लिखा था कि बिल्सी के निजी अस्पताल के डॉक्टर की लापरवाही व गलत इलाज से जच्चा-बच्चा की मौत हो गई, जो डॉक्टर बिल्सी सीएचसी पर तैनात है।

पीड़िता ने तहरीर में कहा है कि उनके यहां कोई जच्चा-बच्चा की मृत्यु नहीं हुई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। चिकित्सा लापरवाही का प्रमाण पत्र देने का कार्य सरकार द्वारा गठित जांच समिति द्वारा किया जाता है, अन्य किसी व्यक्ति को कहने व लिखने का अधिकार नहीं है। इस कृत्य से उन्हें मानसिक प्रताड़ना हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के आदेश पर दिनांक 30 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

थाना पुलिस के अनुसार प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक रचना देशवाल को जांच सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट व अन्य आरोपों की जांच कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.