, प्रशासन को दिया दो से तीन दिन का अल्टीमेटम
मांगों का शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो एसएसपी एवं जिलाधिकारी कार्यालय बदायूँ पर होगा इससे भी बड़ा धरना-प्रदर्शन
बिल्सी (बदायूँ)। भारतीय हलधर किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जनपद बदायूँ की टीम द्वारा किसानों के उत्पीड़न, कथित फर्जी मुकदमों तथा किसानों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्राधिकारी कार्यालय बिल्सी पर आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के अधिकारियों ने किसान प्रतिनिधियों से वार्ता की।
इस दौरान बिल्सी इंस्पेक्टर, क्षेत्राधिकारी बिल्सी तथा उप जिलाधिकारी की ओर से नायब तहसीलदार श्री बदन सिंह जी ने धरनास्थल पर पहुंचकर किसान साथियों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन प्राप्त किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों एवं समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
यूनियन ने प्रशासन को मांगों के समाधान के लिए दो से तीन दिन का समय दिया है। यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय, उत्पीड़न अथवा फर्जी मुकदमों में फंसाने की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को न्याय दिलाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में किसानों के मुकदमों, उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों एवं अन्य समस्याओं का निष्पक्ष समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जनपद बदायूँ में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अगला धरना-प्रदर्शन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं जिलाधिकारी कार्यालय बदायूँ के बाहर आयोजित किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
यूनियन ने प्रशासन से विशेष रूप से आग्रह किया कि किसानों की सभी शिकायतों, लंबित मुकदमों एवं संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र न्याय दिलाया जाए, ताकि किसानों को बार-बार आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।
इस अवसर पर भारतीय हलधर किसान यूनियन के पदाधिकारी, जिला एवं तहसील स्तर के जिम्मेदार कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान साथी उपस्थित रहे। किसानों ने एकजुट होकर संगठन के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यूनियन का स्पष्ट संदेश है कि किसानों का सम्मान, सुरक्षा और न्याय सर्वोपरि है। किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com