2:06 pm Friday , 30 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में जाम से राहत की पहल, दुकानों के आगे अतिक्रमण बना सबसे बड़ी चुनौती ?

कोतवाल ने मुख्य चौराहों पर लगवाए बैरियर, भारी वाहनों की नो-एंट्री – अतिक्रमण नहीं हटा तो नहीं टूटेगा जाम का जाल।

उझानी, बदायूं 30 अक्टूबर ।

नगर के बाजारों में लगने वाले रोज के जाम से लोगों को कुछ राहत मिली है। कोतवाली इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र सिंह ने व्यापारी नेताओं की मांग पर संजीदा पहल करते हुए मुख्य बाजारों में बैरियर लगाकर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है। इससे घंटाघर, हलवाई चौक और स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति में कुछ सुधार आया है।

व्यापारी नेताओं का कहना है कि आज तक किसी भी इंस्पेक्टर ने जाम को लेकर इतनी गंभीरता नहीं दिखाई। इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र सिंह ने पहली बार पहल कर जाम से निजात दिलाने की शुरुआत की है।

 

पुलिस की जांच में सामने आया है कि जाम की सबसे बड़ी वजह दुकानों के आगे सड़क तक किया गया अतिक्रमण है।

दुकानदारों द्वारा सामान नाली से लेकर सड़क तक फैला देना,
ग्राहकों की बाइक सड़क पर खड़ी करना।
धूप और बारिश से बचने के लिए लगे तिरपाल और टीन-टप्पर।

नगर में सबसे ज्यादा जाम घंटाघर चौराहा से डॉ. आफाक तिराहे तक, हलवाई चौक, स्टेशन रोड और बिल्सी रोड पर लगता है। जब तक दुकानों के आगे से अतिक्रमण नहीं हटेगा, तब तक कछला रोड, स्टेशन रोड और बिल्सी रोड पर जाम से पूरी तरह निजात मिलना मुमकिन नहीं है।

नगर पालिका की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पालिका सिर्फ मुनादी कराकर इतिश्री कर लेती है। अगर नाली तक अतिक्रमण हट जाए तो व्यापारियों और राहगीरों दोनों को राहत मिल सकती है।

फिलहाल पुलिस ने बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है और ई-रिक्शा को भी सड़क खाली होने पर ही निकाला जा रहा है। कोतवाली पुलिस के इस छोटे से प्रयास की नगर में खूब तारीफ हो रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.