कुंवर गांव में दरोगा की कार्यशैली पर सवाल, चेयरमैन पति के ताऊ से अभद्रता का आरोप; उच्चाधिकारियों से शिकायत
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवर गांव बदायूं। कुंवर गांव नगर पंचायत में भाजपा चेयरमैन पति अरविंद रावत के ताऊ प्रेमपाल रावत की बाइक रोकने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि बाइक के कागजात मांगने के दौरान दरोगा विनोद शर्मा ने प्रेमपाल रावत के साथ अभद्र व्यवहार किया और चेयरमैन पति के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया।
जानकारी के अनुसार, प्रेमपाल रावत मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी दरोगा विनोद शर्मा ने उन्हें रोककर बाइक के कागजात दिखाने को कहा। इस पर प्रेमपाल रावत ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष पति अरविंद रावत के ताऊ हैं। आरोप है कि परिचय देने के बाद दरोगा ने नाराजगी जताते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
मामले की जानकारी मिलने पर चेयरमैन पति अरविंद रावत ने दरोगा विनोद शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने दरोगा को आठ बार फोन किया, लेकिन दरोगा ने उनका फोन रिसीव नहीं किया।
इस घटनाक्रम से नाराज चेयरमैन पति अरविंद रावत ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर मामले की जांच कराने और संबंधित दरोगा के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com