1:43 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बुजुर्ग को रौंदा, गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर।


उझानी, बदायूं 31 अक्टूबर।

कोतवाली उझानी क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गौशाला के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पैदल जा रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायल को उझानी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, थाना उझानी क्षेत्र के मीहलाल नगला गांव निवासी 70 वर्षीय सोहरन सिंह पुत्र बाबूराम शुक्रवार को उझानी कस्बा में दवा लेने आए हुए थे।

दवा लेकर वह पैदल ही अपने गांव मीहलाल नगला लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही वह उझानी क्षेत्र के गौशाला के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही सोहरन सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।

सीएचसी प्रभारी ने बताया – शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे सोहरन सिंह को लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उझानी थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला के पास मोड़ होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और ओवरलोड वाहन हादसों की मुख्य वजह हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.