1:42 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को रौंदा, दो युवक गंभीर; मेडिकल कॉलेज रेफर।

उझानी में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को रौंदा, दो युवक गंभीर; मेडिकल कॉलेज रेफर।

उझानी, बदायूं 31 अक्टूबर।

उझानी हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, कादरचौक थाना क्षेत्र के गफ्फार नगला गांव निवासी 20 वर्षीय संजीव पुत्र देवीराम और उनका साथी 16 वर्षीय ईशान लोधी पुत्र मोरपाल शुक्रवार शाम उझानी कस्बा आए हुए थे। देर शाम दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे जैसे ही उनकी बाइक उझानी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई। सूचना पर पहुंची उझानी थाना पुलिस ने घायलों को आनन-फानन में उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।

सीएचसी उझानी में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने बताया कि दोनों युवकों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। शुक्रवार रात लगभग 10 बजे प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया गया। जहां दोनों का इलाज जारी है।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही फरार चालक को पकड़ लिया जाएगा। वहीं हादसे की खबर सुनते ही घायलों के परिवार में कोहराम मच गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.