2:05 pm Saturday , 31 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में फौजी इंजीनियर भर्ती के नाम पर 9 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज।


उझानी, बदायूं 31 अक्टूबर।

कोतवाली उझानी क्षेत्र में नौकरी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। IMC नेटवर्क मार्केटिंग की आड़ में एक युवक को सैनिक इंजीनियर सेवा में सरकारी नौकरी का झांसा देकर 9 लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित ने थाने से लेकर एसएसपी और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर थाना उझानी में मुकदमा दर्ज हुआ है।

पीड़ित गौरव मथुरिया पुत्र राजीव मथुरिया निवासी मोहल्ला नारायणगंज कस्बा उझानी ने बताया कि उसकी पहली मुलाकात आरोपी वरुण गोस्वामी पुत्र उमाशंकर गोस्वामी निवासी मोहल्ला बाजारकला, उझानी से IMC नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी के माध्यम से हुई थी।

आरोपी ने विश्वास में लेकर सैनिक इंजीनियर सेवा में ग्रुप C की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया।

01.07.2019 को 1,50,000/- रुपये नकद लिए और दिनांक 03.09.2019 का एक फर्जी अपॉइंटमेंट कम रिपोर्टिंग लेटर थमा दिया, फिर कमी बताकर वापस ले लिया।
11.11.2019 को कैंटोनमेंट जनरल हॉस्पिटल दिल्ली में मेडिकल कराने के नाम पर 1,00,000/- रुपये और वसूले।
फिर 6,50,000 रुपये की और मांग की, जिस पर पीड़ित ने 04.12.2019 को आरोपी के बैंक खाते में 2 लाख रुपये जमा किए।
19.12.2019 को डाक से ग्रुप C पद का फर्जी प्रस्ताव पत्र आया और 30.12.2019 को झांसी ब्रिगेड कैंप में ट्रेनिंग का झांसा देकर कहा – पूरा पैसा जमा होने पर ही ट्रेनिंग में एंट्री मिलेगी।
मजबूरी में पिता ने 30.12.2019 को ही आरोपी के उसी खाते में 3,90,000/- रुपये नकद और 60,000/- रुपये NEFT से जमा कर दिए।

आर्मी कैंप में एंट्री न मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पता चला सभी नियुक्ति पत्र फर्जी थे। इसके बाद कस्बा उझानी में कई पंचायतें हुईं। अंतिम पंचायत 18.04.2021 को पीड़ित के घर पर हुई, जिसमें आरोपी वरुण गोस्वामी ने भरी पंचायत में 9 लाख रुपये ठगने का अपराध स्वीकार किया और पैसा जल्द लौटाने का वादा किया।

लेकिन 22.04.2021 से 16.04.2025 के बीच 33 बार में आरोपी ने केवल 1,53,700/- रुपये ही लौटाए और फिर टालमटोल करने लगा।

थक हारकर पीड़ित ने धारा 174(4) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं में प्रकीर्ण वाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर अब कोतवाली उझानी में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.