मौसम ले सकता है सुहागिनों की परीक्षा!
उझानी-बदांयू 29 अक्टूबर।
आज यानी 29 अक्टूबर को देशभर में करवा चौथ का पर्व बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह व्रत विशेषकर उत्तर भारत में सुहागिन महिलाओं के लिए सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं सुबह से ही अपने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं।
इस व्रत को करक चतुर्थी, दशरथ चतुर्थी और संकष्टि चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन करवा माता के साथ मां पार्वती, भगवान शिव और गणेश जी की पूजा का विधान है। सुहाग से जुड़ी चीजों का खास महत्व होने के कारण महिलाएं इस दिन सोलह श्रृंगार करती हैं, जिसका साल भर इंतजार रहता है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 28 अक्टूबर की रात 1:07 बजे से कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि शुरू हुई है, जो 29 अक्टूबर की रात 10:07 बजे तक रहेगी।
पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक है। रात करीब 8:00 बजे से 8:17 बजे के बीच चंद्रोदय होगा। इसके बाद महिलाएं चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देंगी और पति का चेहरा छलनी से देखकर व्रत का पारण करेंगी।
करवा चौथ पर मौसम सुहागिनों की परीक्षा ले सकता है। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने और 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। बूंदाबांदी भी हो सकती है।
ऐसे में चांद बादलों की ओट में छिपा तो महिलाओं को चांद के दीदार के लिए ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है। 31 अक्टूबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से मामूली कम है।
राजेश वार्ष्णेय एमके



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com