5:56 pm Tuesday , 27 October 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में बेकाबू कार खाई में पलटी, मुरादाबाद निवासी युवक बाल-बाल बचा

।

बिजनौर-बदायूं हाईवे पर सिद्धपुर ईंट भट्ठे के पास देर रात हुआ हादसा, सामने से वाहन आने पर बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन।

बिल्सी, बदायूं 27 अक्टूबर ।

बिजनौर-बदायूं हाईवे पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बिल्सी थाना क्षेत्र में सिद्धपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास एक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में कार चला रहा युवक बाल-बाल बच गया, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं। कार को काफी नुकसान पहुंचा है। बाद में जेसीबी की मदद से कार को खाई से बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुआ युवक मुरादाबाद निवासी राहुल कुमार है। वह मार्केटिंग का काम करता है। सोमवार को वह इस्लामनगर में अपना काम खत्म करने के बाद कार से बदायूं जा रहा था। जैसे ही उसकी कार सिद्धपुर के पास पहुंची, तभी सामने से एक वाहन तेज रफ्तार में आ गया।

राहुल ने बताया कि सामने वाले वाहन को बचाने के लिए उसने कार को सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की, इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू हो गई।

बताया गया कि हाईवे को चौड़ा करने के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई की गई थी। इसी खुदी हुई खाई में कार गिरकर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहुल को कार से बाहर निकाला। हादसे में उसे हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। बाद में जेसीबी मंगाकर कार को खाई से बाहर निकलवाया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.