कुंवरगांव (बदायूं)। हिंदू धर्म में करवा चौथ पर्व का विशेष महत्व है। पर्व को लेकर कुंवरगांव के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सुहागिन महिलाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत की तैयारियों में जुट गई हैं।
करवा चौथ को लेकर बाजारों में पूजा सामग्री, करवा, छलनी, दीपक और श्रृंगार के सामान की खरीदारी शुरू हो गई है। महिलाएं पारंपरिक परिधानों के साथ सोलह श्रृंगार की तैयारियां कर रही हैं। वहीं, मेहंदी लगवाने और पूजा के लिए आवश्यक सामग्री जुटाने में भी महिलाएं रुचि ले रही हैं।
परंपरा के अनुसार, करवा चौथ के दिन महिलाएं सुबह से निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। रात में चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देने के बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया जाता है।
करवा चौथ केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि दांपत्य प्रेम, विश्वास और पारिवारिक खुशहाली का प्रतीक भी माना जाता है। पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह बना हुआ है और वे इसे खास बनाने के लिए पहले से ही तैयारियों में जुटी हुई हैं।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com