बिल्सी। विकासखंड अंबियापुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिंडोल के प्रांगण में मंगलवार को दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में दीप सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक ढंग से दीप सजाकर अपनी कला का परिचय दिया। प्रतियोगिता में शगुन ने प्रथम, रोशनी ने द्वितीय और लवली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सफल छात्राओं को शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाध्यापक सौरभ श्रीवास्तव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में समय-समय पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में सभी विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अंशु चौधरी, रचना गुप्ता और रामप्रताप सिंह शामिल रहे। शिक्षकों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com