बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या छह स्थित मेला ग्राउंड पर चल रहे रामलीला महोत्सव में सोमवार रात अंगद-रावण संवाद की लीला का मंचन किया गया। मंचन में दिखाया गया कि भगवान श्रीराम के दूत बनकर अंगद रावण के दरबार में पहुंचे। उन्होंने रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाकर युद्ध टालने और भगवान श्रीराम की शरण में आने की सलाह दी। अहंकार में चूर रावण ने अंगद की बात मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद अंगद ने दरबार में अपना पैर जमा दिया और रावण के योद्धाओं को उसे हटाने की चुनौती दी। कोई भी योद्धा उनका पैर नहीं हिला सका। इस प्रसंग ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। इस दौरान भाजपा नेत्री ममता शाक्य, उनके पति डीएसओ एसपी शाक्य, अनूप शर्मा ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजीव वार्ष्णेय, डॉ. श्रीकृष्ण गुप्ता, आदित्य माहेश्वरी, जितेंद्र कुमार वार्ष्णेय, सूर्यप्रकाश देवल, मनीश असावा, पीडी सिंह, भगवानदास, ब्रजेश कुमार सिंह, राकेश शाक्य आदि मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com