कूलर में लगी आग से मची अफरा-तफरी, परिवार की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
केशव गुप्ता
खिड़कियों के पर्दे, एलईडी टीवी समेत 50 हजार से अधिक का सामान जलकर राख, गैस सिलेंडर तक पहुंच सकती थीं लपटें
बिल्सी (बदायूं)। नगर के मोहल्ला संख्या आठ में सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे चलते कूलर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने खिड़कियों पर लगे पर्दों को अपनी चपेट में ले लिया। कमरे में रखा एलईडी टीवी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की तपिश से खिड़कियों के शीशे टूटकर गिरने लगे और पूरे कमरे में काला धुआं भर गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्यों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, मुकेश किराना स्टोर की तीसरी मंजिल पर यह घटना हुई। हादसे के समय अभय बिड़ला, उनके मामा के बेटे मनीष माहेश्वरी और एक छोटा बच्चा आग लगने वाले कमरे के पास सो रहे थे। अचानक आग की लपटें उठने से सभी की नींद खुल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने सबसे पहले बिजली के सभी स्विच बंद किए और इसके बाद बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
50 हजार रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट
आग की चपेट में आने से एलईडी टीवी, पर्दे और कमरे में रखा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। परिजनों के मुताबिक, हादसे में 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि परिवार का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ।
गैस गीजर और सिलेंडर तक पहुंचती आग तो हो सकता था बड़ा हादसा
परिजनों ने बताया कि घटनास्थल के पास ही गैस गीजर और गैस सिलेंडर भी लगे हुए थे। यदि आग इन तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com