6:47 pm Saturday , 24 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में 2.93 करोड़ के टैक्स घोटाले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

बदायूं में 2.93 करोड़ के टैक्स घोटाले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

केशव गुप्ता

फर्जी बिलिंग और बोगस आईटीसी के जरिए सरकारी राजस्व को चूना लगाने का आरोप, कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
बदायूं। बदायूं में 2 करोड़ 93 लाख रुपये के कथित टैक्स घोटाले के मामले में कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी सद्दाम अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी बिलों के माध्यम से कर अपवंचन कर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, राज्य कर अधिकारी (विशेष अनुसंधान शाखा), राज्य कर रेंज-ए, बरेली की शिकायत पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सद्दाम अली पुत्र फरजन्द अली निवासी नागर पुखारा, उघैती, बदायूं ने सर्वश्री सरकार इंटरप्राइजेज, खसरा नंबर 206, अंदर चुंगी, बदायूं से संबंधित लेनदेन में वास्तविक माल की आवाजाही के बिना केवल दस्तावेजों और वाहनों की आवाजाही दर्शाकर बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) और फर्जी बिलिंग के जरिए कथित तौर पर 293 लाख रुपये के सरकारी राजस्व की चोरी की। मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा अपराध संख्या 157/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 316(2) के तहत दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 24 अक्टूबर 2026 को वांछित आरोपी सद्दाम अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.