1:18 pm Thursday , 22 October 2026
BREAKING NEWS

भाजपा से मोहभंग, सपा में संशय: सिनोद शाक्य की सियासी राह में MLC चुनाव का साया ?

भाजपा से मोहभंग, सपा में संशय: सिनोद शाक्य की सियासी राह में MLC चुनाव का साया ?

बदायूं 22 अक्टूबर ।

दातागंज से दो बार के विधायक सिनोद शाक्य उर्फ दीपू भैया की सियासत एक बार फिर चौराहे पर खड़ी है। भाजपा से मोहभंग की चर्चाओं के बीच सपा में वापसी की राह भी आसान नहीं दिख रही। वजह है MLC चुनाव के दौरान हुआ वो सियासी घटनाक्रम, जिसका साया आज तक उनका पीछा नहीं छोड़ रहा।

कुशाग्र सागर के भाजपा छोड़ने के बाद से यह चर्चा और तेज हो गई है कि दीपू भैया जल्द ही कमल का साथ छोड़कर साइकिल पर सवार हो सकते हैं। समर्थकों में तो 26 अक्टूबर को ज्वाइनिंग की तारीख तक चर्चा है, हालांकि पूर्व विधायक की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सियासी जानकारों की मानें तो सिनोद शाक्य जाना तो चाहते हैं, लेकिन बिना टिकट की पुख्ता गारंटी के कोई दांव नहीं खेलना चाहते। और यहीं पर दो बड़े रोड़े अटके हुए हैं। पहला, दातागंज में सपा के पुराने दावेदार उनकी एंट्री का विरोध कर रहे हैं। दूसरा और सबसे बड़ा रोड़ा है MLC चुनाव में ऐन वक्त पर दिया गया धोखा, जिसे सपा नेतृत्व आज भी अविश्वास के तौर पर देख रहा है।

हालांकि जमीनी हकीकत यह है कि दातागंज विधानसभा में आज भी सिनोद शाक्य की पकड़ फौलादी है। उनका नाम आते ही विरोधी खेमे में हलचल मच जाती है।

राजनीति के जानकार कहते हैं कि अगर उस वक्त MLC चुनाव में उन्होंने सपा को मझधार में न छोड़ा होता तो आज शायद वे आंवला से सांसद होते। एक सियासी चूक ने उनकी साख को गहरी चोट पहुंचाई है और अब उन्हें इसी कांटों भरी राह से गुजरना पड़ रहा है।

अब देखना है कि बदांयू जिले की दातागंज की सियासत किस करवट बैठती है, राजनीति में कोई किसी का नहीं हां यह तय है सिनोद शाक्य के भाजपा छोड़ने से बदांयू की राजनीति में बहुत कुछ बदलाव होगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.