1:47 pm Wednesday , 21 October 2026
BREAKING NEWS

दिवाली पर चटकीली मिठाई खाना पड़ सकता है भारी, बदायूं में रोडामाइन-बी का धड़ल्ले से इस्तेमाल

दिवाली पर चटकीली मिठाई खाना पड़ सकता है भारी, बदायूं में रोडामाइन-बी का धड़ल्ले से इस्तेमाल।

बदायूं 21 अक्टूबर ।

दीपावली पर बाजार में सजी रंग-बिरंगी और चमकदार मिठाइयां सेहत पर भारी पड़ सकती हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों में औद्योगिक रंग रोडामाइन-बी के इस्तेमाल को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने साफ किया है कि अब मनमर्जी से रंग डालने वाले दुकानदारों पर सीधी कार्रवाई होगी।

त्योहार को देखते हुए विभाग ने 6 टीमें गठित की हैं। टीमें दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और मिठाई फैक्ट्रियों पर जाकर जांच कर रही हैं कि कहीं अजंता और बुश कंपनी के मानक रंगों की जगह सस्ता और लोकल रंग तो नहीं मिलाया जा रहा। 8 से 20 अक्टूबर के बीच ही 30 सैंपल लिए जा चुके हैं। यह अभियान दीपावली तक लगातार चलेगा।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि रोडामाइन-बी खाद्य रंग है ही नहीं। यह कपड़ा, कागज और प्लास्टिक को रंगने वाला औद्योगिक रंग है। लंबे समय तक इसके सेवन से लिवर-किडनी खराब होने, एलर्जी, पेट की बीमारी और कैंसर तक का खतरा है। बच्चों में इसके ज्यादा इस्तेमाल से हाइपरएक्टिविटी, चिड़चिड़ापन और त्वचा पर दाने की समस्या हो सकती है।

विभाग ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि –
केवल अधिकृत कंपनी अजंता और बुश के ही रंग इस्तेमाल करें।
रंग खरीद का बिल, इनवाइस और बैच नंबर एक साल तक सुरक्षित रखना होगा।
जांच के दौरान बिल नहीं दिखाने पर कार्रवाई होगी।

सहायक खाद्य आयुक्त सीएल यादव ने बताया, अब रंगों को लेकर ज्यादा सख्ती है। कोई भी दुकानदार सिंथेटिक रंग इस्तेमाल नहीं कर सकता। केवल अजंता और बुश कंपनी के रंग ही मान्य होंगे और उसका बिल सुरक्षित रखना पड़ेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.