बदायूं में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि परिजनों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
केशव गुप्ता
एसएसपी अंकिता शर्मा समेत पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर अर्पित किए श्रद्धा-सुमन, दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के बलिदान को किया नमन
बदायूं, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, बदायूं स्थित शहीद स्मारक पर कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। पुलिस गार्द ने शोक शस्त्र एवं सलामी देकर वीर शहीदों को सम्मान दिया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्थल पर पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण किया तथा देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस पुलिस बल के समर्पण, साहस, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। शहीद जवानों का बलिदान सदैव पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और योगदान को भी नमन किया। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव दिखाई दिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी दातागंज अशेषनाथ सिंह, क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग ने देश की सुरक्षा और आमजन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com