ठंड की आहट के साथ बाजार में मखमल का जलवा, वेलवेट सूट बनी महिलाओं की पहली पसंद।
ज्वेल टोन्स में जामुनी, वाइन और पन्ना हरे रंग की सबसे ज्यादा डिमांड, हल्की ठंड में रॉयल लुक के साथ आरामदायक।
बदायूं 21 अक्टूबर।

सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर अब शहर के कपड़ा बाजारों पर दिखने लगा है। त्योहारों का सीजन करीब आते ही महिलाओं के पहनावे में बड़ा बदलाव आया है। बाजार में इन दिनों वेलवेट के कुर्ता सेट्स और सलवार सूट की मांग तेजी से बढ़ गई है।
त्योहारों पर स्टाइलिश दिखने और बदलते मौसम के अनुसार खुद को ढालने के लिए महिलाएं सबसे ज्यादा वेलवेट के परिधानों को तवज्जो दे रही हैं। शहर के मुख्य कपड़ा बाजारों, बुटीक और रेडीमेड गारमेंट शोरूमों में इन दिनों वेलवेट के डिजाइनर सूट्स के नए-नए कलेक्शन सजाए गए हैं।
कपड़ा व्यापारियों के अनुसार मखमल का कपड़ा न केवल महिलाओं को एक राजसी और गरिमामयी लुक देता है, बल्कि यह हल्की ठंड से बचाने के लिहाज से भी बेहद मुफीद और आरामदायक साबित होता है। भारी ऊनी कपड़ों की तुलना में यह काफी हल्का होता है, जिससे इसे किसी भी पारिवारिक समारोह या त्योहार पर आसानी से कैरी किया जा सकता है।
बाजार में इस बार खासकर ज्वेल टोन्स यानी गहरे और चमकदार रंगों की मांग सबसे अधिक बनी हुई है। इनमें जामुनी, गहरा लाल, पन्ना हरा और गहरा नीला जैसे रंगों के वेलवेट कुर्ता सेट महिलाओं और युवतियों को खूब लुभा रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि वेलवेट कुर्ता सेट पहनने से शरीर में गर्माहट भी बनी रहती है और यह दिखने में बेहद रिच व क्लासिक लगता है।
बदांयू निवासी पूजा ने बताया – मैंने दीपावली और भैया दूज के लिए वाइन कलर का वेलवेट सूट खरीदा है, जिस पर बारीक जरी का काम है।
वहीं अलापुर की निवासी रेखा कहती हैं – आजकल वेलवेट फैब्रिक में कई नए कट्स और ट्रेंडी पैटर्न्स आ रहे हैं, जैसे कि स्ट्रेट कुर्ता सेट और अफगानी सलवार सूट। ऑफिस के फेस्टिव इवेंट्स या करवाचौथ के बाद होने वाले गेट-टुगेदर के लिए यह एकदम सही विकल्प है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com