5:32 pm Monday , 19 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी- कोर्ट के आदेश पर उझानी में केस दर्ज

दो माह पहले गंगा जल ला रहे युवक पर किया था जानलेवा हमला, जबड़ा 5 जगह से तोड़ा, अब कोर्ट के आदेश पर उझानी में केस दर्ज।

उझानी (बदायूं) 19 अक्टूबर ।

करीब दो माह पहले 9 अगस्त 2026 की रात को कछला से गंगाजल लेकर लौट रहे युवक पर सरिया-रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला अब प्रकाश में आया है। हमले में युवक का जबड़ा 5 जगह से टूट गया था। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित की मां ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर अब जाकर थाना उझानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला काशीराम कॉलोनी खेड़ा नवादा थाना सिविल लाइन निवासी अणिमा का पुत्र राज उर्फ कार्तिक 9 अगस्त को दोस्त आकाश के साथ स्कूटी से कछला गंगा जल लेने गया था। रात करीब 8.30 बजे उझानी-मेडिकल कॉलेज मार्ग पर कटरा ब्रह्मपुर के रहने वाले यशवीर पुत्र जगन्नाथ व दो अज्ञात लोगों ने उसे रोककर लाठी-डंडा और सरिये से हमला कर दिया। आरोप है कि मुंह में सरिया घुसेड़ने से उसका जबड़ा 5 जगह से टूट गया।

घटना के बाद आरोपी युवक को मरा समझकर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक का बरेली में ऑपरेशन हुआ।

पीड़िता का आरोप है कि 9 अगस्त की घटना के बाद वह थाने से लेकर एसएसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक दौड़ी, लेकिन दो माह तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। आरोपियों द्वारा लगातार धमकी दी जा रही थी। आखिर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया।

कोर्ट के आदेश पर थाना उझानी पुलिस ने यशवीर, उसकी पत्नी मोहिनी व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक रवनीत सिंह को सौंपी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.