11:56 pm Saturday , 7 November 2026
BREAKING NEWS

धनतेरस पर उझानी के बाजारों में उतरे डीएम-एसएसपी, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

।

व्यापारियों से बोले – बेखौफ मनाएं त्योहार, पुलिस हर कदम पर साथ है।

उझानी बदांयू 7 नवंबर।

धनतेरस पर्व के साथ ही दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के त्योहारों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा पुलिस बल के साथ उझानी के बाजारों में उतरे और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बीती रात अधिकारियों का काफिला शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचा। घंटाघर चौराहा, सर्राफा बाजार, आफाक तिराहा, बिल्सी रोड और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अधिकारियों ने पैदल चलकर एक-एक व्यवस्था को परखा।

गश्त के दौरान डीएम-एसएसपी ने बाजार में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। व्यापारियों से उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जरूरतों के बारे में जानकारी ली।

अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। आप निर्भीक होकर व्यापार करें और त्योहार मनाएं, सुरक्षा की चिंता प्रशासन पर छोड़ दें।

व्यापारियों ने भी बाजार में अतिक्रमण, जाम और भीड़ की समस्या को लेकर अपनी बात रखी, जिस पर अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

धनतेरस से लेकर दीपावली तक बाजारों में खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ती है। इसको देखते हुए अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था का विशेष निरीक्षण किया।

पुलिस को निर्देश दिया गया कि बाजारों में आवागमन सुचारु बनाए रखा जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। दुकानों के सामने बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया जाए, ताकि ग्राहकों को परेशानी न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें।

पुलिस कर्मियों को नियमित पैदल गश्त, प्रभावी वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए कहा गया। कानून एवं शांति व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर साईं आश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक उझानी धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम-एसएसपी को अपने बीच पैदल घूमता देख दुकानदारों और ग्राहकों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने कहा कि जब जिले के मुखिया खुद बाजार में उतरकर सुरक्षा देख रहे हैं, तो इस बार त्योहार और भी सुरक्षित और खुशहाल मनेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.