5:21 pm Tuesday , 3 November 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में ई-रिक्शा चालक को तमंचे से मारी गोली, पेट में लगी, मेडिकल कॉलेज रेफर

।

बिल्सी, बदायूं 3 नवंबर ।

बदायूं के बिल्सी कस्बे में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक सनसनीखेज वारदात हो गई। सवारियां लेकर जा रहे ई-रिक्शा चालक धर्मवीर को एक व्यक्ति ने तमंचे से गोली मार दी। गोली चालक के पेट में दाहिनी तरफ लगी है। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गया। घायल का बदायूं मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

पीड़ित बिल्सी कस्बे के मोहल्ला नंबर छह निवासी धर्मवीर पुत्र चुन्नी सिंह है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे वह टीएचआर कंपनी बिल्सी से नेमवती और प्रेमवती नाम की दो महिलाओं को उनके घर छोड़ने जा रहा था।

बताया जा रहा है कि ग्राम दिधौनी के आगे सड़क पर ट्यूबवेल की कोठरी के पास एक व्यक्ति ने उसका ई-रिक्शा रुकवा लिया और उससे हाथापाई करने लगा। धर्मवीर के विरोध करने पर आरोपी ने तमंचे से गोली चला दी। गोली लगते ही धर्मवीर लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकला।

घटना के बाद घायल धर्मवीर ने खुद एंबुलेंस बुलवाई और सीएचसी बिल्सी पहुंचकर प्राथमिक उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया।

धर्मवीर ने अपने भाई रामवीर के हाथों थाने में तहरीर भिजवाई है। उसका कहना है कि सामने आने पर वह हमलावर को पहचान लेगा। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर सीओ बिल्सी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.