बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के आंवला-बिसौली मार्ग पर शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मनोना धाम से खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपो सवार चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो महिलाओं की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भदोही जनपद के अमरिया निवासी ओमप्रकाश, उषा, सावित्री (पत्नी छेदीलाल), सावित्री (पत्नी नंदलाल) और मोहनलाल समेत आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु दो टेंपो में सवार होकर प्रसिद्ध मनोना धाम में खाटू श्याम के दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद सभी लोग देर रात वापस लौट रहे थे।
तभी आंवला-बिसौली मार्ग पर एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात वाहन ने श्रद्धालुओं के एक टेंपो को ज़ोरदार टक्कर मार दी और मौके से फ़रार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) आंवला पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल सावित्री (पत्नी छेदीलाल) और सावित्री (पत्नी नंदलाल) की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com