जनगणना में सहयोग करने वाले स्कूलों के प्रधानाचार्य और बच्चे होंगे नकद पुरस्कार से सम्मानित, डीएम अवनीश राय ने किया प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण
केशव गुप्ता
बदायूं। जनगणना 2027 को सफल और शत-प्रतिशत संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अवनीश राय ने तहसील सदर में चल रहे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य पूरी जिम्मेदारी, शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि जनगणना में पूर्ण सहयोग कर शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और स्कूली बच्चों को नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करे। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित प्रश्नों और दिशा-निर्देशों की सही जानकारी रखते हुए कार्य करने पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
जनगणना को डिजिटल माध्यम से भी संपन्न कराया जाएगा। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आमजन आधिकारिक पोर्टल https://censusindia.gov.in के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त एसई आईडी सुरक्षित रखनी होगी और घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे।
जिला प्रशासन ने आमजन, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और विद्यार्थियों से जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है, ताकि जनपद में जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com