धनतेरस-दीपावली को लेकर एसएसपी अंकित शर्मा ने बिसौली में संभाली सुरक्षा की कमान, बाजारों में किया पैदल गश्त
केशव गुप्ता
बदायूं। आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजन एवं भैया दूज के त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकित शर्मा ने सोमवार को थाना बिसौली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, सर्राफा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।
इस दौरान एसएसपी ने मुख्य बाजारों, चौराहों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर कस्बे में प्रतिदिन नियमित रूप से फुट पेट्रोलिंग की जाए और पुलिस की सक्रियता लगातार बनी रहे, जिससे आमजन में सुरक्षा का माहौल कायम रहे।
एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए प्रत्येक चौराहे और मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने रात्रि गश्त को लेकर भी पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान रात में भी लोगों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में रात्रि ड्यूटी और थाना मोबाइल पुलिस लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं, जिससे जनपद में आगामी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सकें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी बिसौली श्री अंशुमन श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक बिसौली कोतवाली श्री सर्वेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com