1:07 pm Sunday , 1 November 2026
BREAKING NEWS

विद्या भारती क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन


बरेली विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव का भव्य आयोजन क्रांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया जा रहा है। महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी कला, संगीत,लोक नृत्य, गायन, वादन, मूर्ति कला, तात्कालिक भाषण, अंताक्षरी प्रश्नमंच तथा अन्य सांस्कृतिक विधाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा और विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सृजनशीलता और भारतीय संस्कारों की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले भैया-बहनों ने यह सिद्ध किया कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और समर्पण से प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखार सकता है। निर्णायक मंडल में बरेली कॉलेज बरेली की डॉ. अजीता सिंह तिवारी, डॉ.अमिता गुप्ता, प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर, बृजमोहन शर्मा, रामचरण लाल यदुवंशी, सतीश दीक्षित, अलका नवीन, तरुण शर्मा आदि ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सचिन तिवारी प्रांत संगठन मंत्री विद्या भारती उत्तराखंड ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामूहिकता, रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से नई पीढ़ी को जोड़ने का यह एक सराहनीय प्रयास है। कार्यक्रम प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण हो रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, आचार्यों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव का समापन 2 नवंबर को होगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.