1:07 pm Tuesday , 27 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में 2027 चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, सपा की छह सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम चर्चा में

बदायूं में 2027 चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, सपा की छह सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम चर्चा में

केशव गुप्ता

बदायूं सदर से आविद रजा, सहसवान से ब्रजेश यादव तो बिल्सी से योगेंद्र तोमर के नाम की चर्चा, दातागंज सीट पर दो नामों को लेकर अटकलें
बदायूं। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बदायूं जिले की छह विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के संभावित प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जिले की सदर, सहसवान, बिल्सी, बिसौली, शेखूपुर और दातागंज विधानसभा सीटों पर कई नेताओं के नाम संभावित दावेदारों के रूप में सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन नामों पर पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, बदायूं सदर विधानसभा सीट से आविद रजा, सहसवान से ब्रजेश यादव और बिल्सी से ठाकुर योगेंद्र तोमर के नाम की चर्चा है। वहीं, बिसौली सीट से कुशाग्र सागर और शेखूपुर से हिमांशु यादव को संभावित दावेदारों के तौर पर देखा जा रहा है। दातागंज विधानसभा सीट पर सिनोद शाक्य और सुनीता पाल के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं। इन नामों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है और अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को ही करना है।
विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन संभावित प्रत्याशियों के नाम सामने आने से जिले का सियासी माहौल गरमाने लगा है। चुनावी तैयारियों के बीच पार्टी के स्थानीय समीकरण, नेताओं का जनाधार, संगठन में उनकी भूमिका और क्षेत्र में सक्रियता प्रत्याशी चयन के अहम आधार बन सकते हैं। ऐसे में आने वाले समय में इन सीटों पर दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
फिलहाल, बदायूं की छह विधानसभा सीटों पर जिन नामों की चर्चा हो रही है, उन्हें संभावित दावेदारों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए। समाजवादी पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि 2027 के विधानसभा चुनाव में किस सीट से किस नेता को मैदान में उतारा जाता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.