12:30 pm Tuesday , 27 October 2026
BREAKING NEWS

उसावां में विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन, देर रात तक काव्य रस में डूबे रहे श्रोता

उसावां में विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन, देर रात तक काव्य रस में डूबे रहे श्रोता

देशभक्ति, हास्य और ओजपूर्ण कविताओं ने बांधा समां, देशभर से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से जीता श्रोताओं का दिल

केशव गुप्ता

उसावां (बदायूं)। कस्बा उसावां स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में भव्य विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रख्यात कवियों और कवयित्रियों ने अपनी हास्य, वीर रस, देशभक्ति एवं भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में देर रात तक काव्य पाठ का सिलसिला चलता रहा और श्रोता कविताओं पर तालियां बजाकर कवियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरपर्सन प्रियंका सिंह चौहान एवं थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि महेश अग्निमुख ने की, जबकि इटारसी, मध्य प्रदेश से आए हास्य कवि बृज किशोर पटेल ने अपने रोचक अंदाज में मंच का संचालन किया।
कवि सम्मेलन में किशनगढ़ से आए हास्य कवि कमल महेश्वरी ने अपनी कविता के माध्यम से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। भरतपुर, राजस्थान से आए कवि जय कुमार जय ने विवाह से जुड़ी हास्य रचना सुनाकर जमकर ठहाके लगवाए। वहीं जयपुर से आए कवि हेमंत राज हिंद ने अपनी पंक्तियों के माध्यम से दुश्मन की कायरता और शांति बनाए रखने की चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
मुंबई से आए फिल्मी गीतकार राजू चौरसिया ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचना प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारत माता और सीमा पर तैनात सैनिकों का सम्मान सर्वोपरि है। उनकी पंक्तियों ने श्रोताओं में देशप्रेम की भावना का संचार किया। आगरा से आईं कवयित्री ममता वाणी ने कर्म की महत्ता को रेखांकित करते हुए अपनी रचना से लोगों को प्रेरित किया।
इटारसी से आए हास्य कवि बृज किशोर पटेल ने अपने चुटीले अंदाज से श्रोताओं को खूब हंसाया। उसावां के कवि संतोष कुमार सिंह ने संघर्ष, साहस और लक्ष्य प्राप्ति का संदेश देते हुए अपनी ओजपूर्ण रचना प्रस्तुत की। नवीगंज से आए ओज कवि आदेश सिंह ने बलिदान और राष्ट्रभक्ति पर आधारित कविता सुनाकर माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।
वरिष्ठ कवि महेश अग्निमुख ने भारतभूमि की वंदना में अपनी रचना प्रस्तुत कर मातृभूमि के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। स्थानीय कवि जगपाल जग ने अपनी भावपूर्ण कविता के माध्यम से जीवन की संवेदनाओं और वास्तविकताओं को शब्द दिए। वहीं कवयित्री रचना रुचि ने नारी शक्ति, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प पर आधारित अपनी प्रेरणादायी रचना सुनाकर खूब सराहना बटोरी। उनकी पंक्तियों ने महिलाओं को अपनी आंतरिक शक्ति पहचानने और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का संदेश दिया। कवि अमित अंबर ने तुलसीदास और महर्षि वाल्मीकि की रचनात्मक साधना का उल्लेख करते हुए कविता की सृजनात्मक शक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के आयोजक श्री सुधीर कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी कवयित्री रचना रुचि ने सम्मेलन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक दंपति को शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान हास्य, वीर रस, देशभक्ति और साहित्यिक भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र पाल गुप्ता, सभासद पवन गुप्ता, ध्रुव सिंह चौहान, डीके गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे। देर रात तक चले इस विराट कवि सम्मेलन ने उसावां में साहित्यिक वातावरण को जीवंत कर दिया और श्रोता कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.