5:58 pm Sunday , 25 October 2026
BREAKING NEWS

उसावां ब्लॉक के शाहपुर गांव में बुखार का कहर, तीन मौतों से मचा हड़कंप

उसावां ब्लॉक के शाहपुर गांव में बुखार का कहर, तीन मौतों से मचा हड़कंप

केशव गुप्ता

हर घर में बुखार के मरीज होने का दावा, गंदगी और जलभराव से ग्रामीण परेशान; डेंगू की आशंका, स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई की मांग

उसावां (बदायूं)। उसावां ब्लॉक के उसहैत क्षेत्र के शाहपुर गांव में बुखार के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि गांव के लगभग हर घर में एक से दो लोग बुखार से पीड़ित हैं। अक्टूबर में अब तक बुखार से दो विवाहित महिलाओं और एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत होने की बात सामने आई है। 25 अक्टूबर को 48 वर्षीय गुड्डी पत्नी सत्यपाल की मौत के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने गांव में फैली गंदगी, जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नाराजगी जताते हुए सफाई, जलनिकासी और दवा छिड़काव कराने की मांग की है।
गांव निवासी गुड्डी कई दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। परिजनों के मुताबिक, उनका इलाज उसहैत, बदायूं और बरेली के रुहेलखंड अस्पताल में कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें बरेली के अपेक्ष मल्टी सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 25 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। गुड्डी अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें से चार की शादी हो चुकी है।
ग्रामीणों के अनुसार, गुड्डी के घर के दरवाजे पर महीनों से करीब एक से डेढ़ फीट तक काला, गंदा पानी भरा हुआ है। घर के पूर्व दिशा में स्थित पुराने तालाब में भी दूषित पानी जमा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। उनका दावा है कि गांव में कई दर्जन लोग बुखार और अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, दो अक्टूबर को जितेंद्र की पत्नी करिश्मा और तीन अक्टूबर को सतेंद्र के बेटे यूजेस की भी बुखार से मौत हो गई थी। करिश्मा अपने पीछे सात महीने के बेटे अंश को छोड़ गई हैं। तीनों मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने डेंगू से मौत होने की आशंका जताई है, हालांकि डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।
गांव में पंचायत घर के सामने भी तालाब और गंदगी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने तालाब की सफाई कराने, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करने और मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर सैकड़ों ग्रामीणों की जांच की थी। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने भी गांव का दौरा कर समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बीमारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.