8:20 pm Monday , 26 October 2026
BREAKING NEWS

जयकारों से गूंजा उसहैत, भव्य झांकियों के साथ निकली महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा

जयकारों से गूंजा उसहैत, भव्य झांकियों के साथ निकली महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा

केशव गुप्ता

बदायूं। महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव पर उसहैत नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आकर्षक झांकियों और महर्षि वाल्मीकि के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। धार्मिक उत्साह के बीच पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
शोभायात्रा का शुभारंभ दातागंज के भाजपा विधायक के पुत्र एवं दातागंज ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर किया। इससे पहले आयोजित कार्यक्रम में आयोजकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और पगड़ी भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श समाज को सद्भाव, समानता और एकता का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर नवनियुक्त अध्यक्ष राहुल कुमार, कमेटी के सदस्यों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
वाल्मीकि मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा शुरू हुई। यहां से यात्रा श्री कालसेन बाबा मंदिर पहुंची और थाना रोड व मुख्य बाजार समेत नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में शामिल दर्जनों झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। धार्मिक प्रसंगों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव की खुशियां मनाईं। रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा वापस वाल्मीकि मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में नगर पंचायत उसहैत के चेयरमैन नवाब हसन, पूर्व चेयरमैन श्रीराम कश्यप, युवामंच संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता, भाजपा कार्यकर्ता टिंकू राठौर और शांति प्रसाद समेत कई सभासद व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शोभायात्रा के सफल आयोजन में भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा कमेटी के संस्थापक प्रदीप कुमार वाल्मीकि, अध्यक्ष राहुल कुमार, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार वाल्मीकि, संरक्षक बाबूराम, डालचंद्र, प्रमोद दुर्वेज, प्रेमपाल व राजाराम, उपाध्यक्ष रिंकू कुमार और सचिव अरविंद कुमार सहित संदीप, अनिल, अजय, विनोद, डालचंद, पंकज कुमार एवं अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।
शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की निगरानी में पूरी यात्रा सकुशल संपन्न हुई।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.