बदायूं पुलिस लाइन में मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन, शोएब और हारिश ने संयुक्त रूप से हासिल किया प्रथम स्थान
पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत आयोजित हुई प्रतियोगिता, वीर पुलिसकर्मियों के त्याग और बलिदान को किया याद
केशव गुप्ता
बदायूं, 25 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव ने हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस एवं टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ आमजन के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश प्रसारित करना रहा। इस आयोजन के माध्यम से देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करते हुए कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण और शौर्य को भी याद किया गया।
प्रतियोगिता में आरटीसी प्रशिक्षु आरक्षी शोएब (चेस्ट नंबर 19) एवं आरटीसी प्रशिक्षु आरक्षी हारिश (चेस्ट नंबर 33) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, आरटीसी प्रशिक्षु आरक्षी हरिओम कुमार (चेस्ट नंबर 51) ने द्वितीय तथा आरटीसी प्रशिक्षु आरक्षी शिवम (चेस्ट नंबर 99) ने तृतीय स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक आरटीसी राजेंद्र सिंह पुंडीर, उपनिरीक्षक यातायात रामसेवक राठौर, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस दीनानाथ मौर्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने, अनुशासन बनाए रखने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com