9:06 pm Thursday , 22 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में जाम से निपटने के लिए बनेगी ठोस रणनीति, डीएम ने गठित की समिति

बदायूं में जाम से निपटने के लिए बनेगी ठोस रणनीति, डीएम ने गठित की समिति

केशव गुप्ता

बदायूं, 22 अक्टूबर। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने पुलिस, परिवहन, नगर पालिका परिषद और लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित की है। समिति शहर का सर्वे कर जाम के कारणों का पता लगाएगी और समस्या के समाधान के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सुझाव मांगे। बैठक में बताया गया कि शहर से होकर लगभग 950 बाहरी बसें गुजरती हैं। इसके अलावा जनपद में 170 रोडवेज बसें और 107 निजी बसें शहर में आती-जाती हैं। बसों की लगातार आवाजाही के कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, ई-रिक्शा के संचालन से भी यातायात प्रभावित होता है। डीएम ने निर्देश दिए कि समिति के सभी विभाग आपसी समन्वय से संयुक्त सर्वे कर जाम वाले प्रमुख स्थानों और उसके कारणों की पहचान करें तथा समाधान के लिए व्यावहारिक सुझावों के साथ रिपोर्ट दें। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद बैठक कर जाम से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए भी ठोस रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर सुवेध मिलिंद जाधव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.