12:24 pm Friday , 20 November 2026
BREAKING NEWS

एक ही रात में पांच घरों में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

एक ही रात में पांच घरों में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

केशव गुप्ता

दासपुर गांव में चोरों का तांडव, शादी वाले घर को भी बनाया निशाना; ग्रामीणों में दहशत
ओरछी (बदायूं)। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में अज्ञात चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोर आए दिन चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला गांव दासपुर का है, जहां बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक साथ पांच घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को चोरी की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी महेश चंद्र पुत्र नैनसुख के घर में आगामी 11 दिसंबर को बेटी की शादी है। चोरों ने उनके घर से दो जोड़ी कुंडल, पाजेब, नाती के कुछ आभूषण और 2 लाख 85 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वहीं, पड़ोसी वीरेश पुत्र सरनाम के घर से सोने के कुंडल, चांदी की कोंडानी, रेशम पत्ती, खंडुआ, दो जोड़ी पायल और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसके अलावा रवि पुत्र रघुवीर के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया और वहां से सामान चोरी कर लिया। इन तीनों पीड़ितों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
वहीं, प्रताप ने बताया कि उनके भाई का मकान बंद रहता है। भाई की मौत के बाद उनके बेटे बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। मकान में चोरी होने की सूचना पुलिस को दे दी गई है। इसके अलावा रूपकिशोर पुत्र नेत्रपाल ने बताया कि रात में किसी समय चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और सामान के साथ पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
एक ही रात में पांच घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि थाना क्षेत्र में पिछले चार दिनों के दौरान आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन चोर लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। आए दिन हो रही वारदातों से ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है। अब ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.