12:20 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत दातागंज के छेड़छाड़ आरोपी को 3 साल की सजा, 10 हजार रुपये जुर्माना

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत दातागंज के छेड़छाड़ आरोपी को 3 साल की सजा, 10 हजार रुपये जुर्माना

केशव गुप्ता

बदायूं। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में माननीय विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम न्यायालय ने आरोपी को तीन वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
मामला थाना दातागंज में वर्ष 2021 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 180/2021 से संबंधित है। इसमें ग्राम नवदिया निवासी धीरपाल पुत्र करन सिंह के खिलाफ धारा 354(क), 504, 506 भादवि तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत इस मामले को चिन्हित कर मॉनीटरिंग सेल, थाना दातागंज के पैरोकार और अभियोजन विभाग के समन्वय से प्रभावी पैरवी की गई। इसी का परिणाम रहा कि 18 नवंबर 2026 को विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम बदायूं ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 में तीन वर्ष के कठोर कारावास तथा 10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।
अर्थदंड जमा न करने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। वहीं, जमा की गई अर्थदंड की पूरी धनराशि पीड़िता को दिए जाने का आदेश भी न्यायालय ने दिया है। आरोपी द्वारा पूर्व में जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किया जाएगा।
इस मामले में प्रभावी पैरवी करने वाले थाना दातागंज के पैरोकार कांस्टेबल मोनू, लोक अभियोजक अमोल जौहरी तथा विवेचक उपनिरीक्षक सत्येंद्र बहादुर सिंह के योगदान की पुलिस विभाग ने सराहना की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.