12:20 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं! गौशाला की अव्यवस्थाएं उजागर करने पर पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं! गौशाला की अव्यवस्थाएं उजागर करने पर पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सरकार और प्रशासन के बीच जनता की आवाज बनता है पत्रकार, फिर जनसमस्याएं उठाने पर धमकियां क्यों? ग्राम प्रधान पर गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप

केशव गुप्ता

बदायूं। लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ कहा जाता है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के साथ पत्रकारिता भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पत्रकार ही वह माध्यम है, जो जनता की समस्याओं, सरकारी योजनाओं की हकीकत और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की खामियों को समाज और सरकार के सामने रखता है। लेकिन जब जनहित से जुड़ी खबरें उठाने वाले पत्रकारों को ही धमकियों का सामना करना पड़े, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय बन जाता है।
ऐसा ही एक मामला बदायूं जनपद की सहसवान तहसील क्षेत्र के ग्राम वैरपुर मानपुर से सामने आया है। यहां गौशाला में गोवंशों के लिए चारे और पानी की अव्यवस्थाओं की खबर जुटाने पहुंचे पत्रकार को कथित रूप से धमकाने का आरोप ग्राम प्रधान पर लगा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनबुढ़ीं निवासी संदीप प्रकाश CNN News Bharat के पत्रकार एवं पत्रकार प्रेस परिषद के जिला सचिव हैं। वह 18 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे वैरपुर मानपुर स्थित गौशाला में गोवंशों की स्थिति की कवरेज करने पहुंचे थे। पत्रकार के अनुसार, मौके पर खाली नांद, सड़ा हुआ भूसा और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं दिखाई दी। उन्होंने मौके की फोटो और वीडियो भी बनाए।
आरोप है कि गौशाला की अव्यवस्थाओं को उजागर करने के बाद ग्राम प्रधान मुमताज अली पुत्र मुंशी ने फोन पर पत्रकार के साथ गाली-गलौज की। पत्रकार का दावा है कि उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए और लाठी-डंडे लेकर घर पहुंचकर मारने तथा जान से खत्म करने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
पत्रकार का कहना है कि ग्राम प्रधान के साथ हुई फोन पर बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। उन्होंने इसे पुलिस के समक्ष जांच के लिए उपलब्ध कराने की बात कही है। पत्रकार ने थाना जरीफनगर पुलिस से शिकायत कर अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
सरकार और प्रशासन के लिए आईना है पत्रकारिता
पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने या दिखाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनता और सरकार के बीच संवाद की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी हो, गौशालाओं में गोवंशों की दुर्दशा हो, अस्पतालों में अव्यवस्थाएं हों या फिर किसी विभाग में लापरवाही, पत्रकार इन मुद्दों को सामने लाकर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करते हैं। यही लोकतंत्र में चौथे स्तंभ की असली भूमिका है।
पत्रकारों का काम किसी व्यक्ति विशेष की प्रशंसा करना नहीं, बल्कि जनहित में सवाल पूछना और सच्चाई सामने लाना है। यदि किसी खबर से किसी को आपत्ति है तो उसे तथ्यों और कानून के दायरे में अपना पक्ष रखने का अधिकार है, लेकिन गाली-गलौज और धमकी के आरोपों को गंभीरता से जांचा जाना चाहिए।
अब पुलिस प्रशासन की निष्पक्ष जांच पर निगाहें
इस मामले में पत्रकार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पत्रकार और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और गौशाला की व्यवस्थाओं की भी जांच कराकर गोवंशों के लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराता है या नहीं।
लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकार का अधिकार और जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही तय करना व्यवस्था की जिम्मेदारी है। चौथे स्तंभ की आवाज को धमकियों से दबाने के बजाय उठाए गए सवालों का जवाब व्यवस्था को देना चाहिए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.