12:20 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

मेला ककोड़ा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त और डीआईजी, सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक दिए सख्त निर्देश

मेला ककोड़ा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त और डीआईजी, सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक दिए सख्त निर्देश

केशव गुप्ता

बदायूं। रुहेलखंड के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को मंडलायुक्त बरेली शंभु कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र मुनिराज जी ने जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ मेला स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा घाटों की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, आवागमन के रास्तों और पार्किंग स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों का निर्माण एवं मरम्मत निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखने, कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय रहते तैयारियां पूरी करें। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पहले से पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
इस दौरान एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साईं अश्रित शाखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, मेला प्रभारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.