इस्लामनगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, छह चोरी की बाइक बरामद
केशव गुप्ता
एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में; बंद भट्टे के पीछे छिपाकर रखते थे चोरी की मोटरसाइकिलें
इस्लामनगर (बदायूं)। थाना इस्लामनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के आदेश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 नवंबर 2026 को इस्लामनगर-बहजोई मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने तनिष्क वार्ष्णेय पुत्र राजेश वार्ष्णेय निवासी मोहल्ला पक्का कटरा, थाना चन्दौसी, जनपद सम्भल को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर इस्लामनगर क्षेत्र के पास स्थित एक बंद भट्टे के पीछे छिपाकर रखते थे। बाद में मौका मिलने पर उन्हें बेच देते थे। आरोपी और बाल अपचारी की निशानदेही पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर तलाशी ली, जहां से चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह चोरी की बाइक बरामद कीं।
बरामद मोटरसाइकिलों में पांच हीरो स्प्लेंडर श्रेणी की बाइक और एक बजाज सीटी-100 शामिल है। इस मामले में थाना इस्लामनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 312/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(4), 317(5) और 318(4) में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com