दीपावली से पहले प्रशासन सतर्क, पटाखा बिक्री के लिए जगह चिह्नित; दुकानदारों को सख्त निर्देश
केशव गुप्ता
दातागंज (बदायूं)। दीपावली पर्व को देखते हुए प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को दातागंज एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने पटाखा बिक्री के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दातागंज-बरेली रोड स्थित अग्निशमन केंद्र के पास खाली पड़ी जगह को पटाखा बिक्री के लिए चिन्हित किया गया है। इसके साथ ही एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के लाइसेंसधारी पटाखा दुकानदारों की दुकानों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं करने की हिदायत दी गई। सभी लाइसेंसधारकों को पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम रखने और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने और सुरक्षा में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com