ब्लूमिंगडेल स्कूल, बदायूँ में वार्षिकोत्सव समारोह की धूम, मोगली और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की थीम ने मोहा मन
ब्लूमिंगडेल स्कूल, बदायूँ में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही हर्षाेल्लास, उत्साह एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से लेकर कक्षा छह तक के बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मोगली’ एवं महान वैज्ञानिक तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन एवं उपलब्धियों पर आधारित विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि बदायूँ के माननीय विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, विशिष्ट सम्मानित अतिथि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ए.सी.जे.एम.) अंकित रस्तोगी तथा विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक लाल जी यादव के कर कमलों द्वारा विद्याधात्री माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन व माल्यापर्ण कर किया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर समारोह में चार चाँद लगा दिए। प्री-प्राइमरी से कक्षा छह तक के विद्यार्थियों ने ‘मोगली थीम’ के अंतर्गत जंगल की रोमांचक दुनिया को मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों ने अपने आकर्षक परिधानों, शानदार अभिनय, नृत्य एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मोगली की कहानी के माध्यम से बच्चों ने प्रकृति, वन्यजीवों, मित्रता और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।
वहीं महान वैज्ञानिक ‘डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम’ के जीवन एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने समारोह को एक नई दिशा प्रदान की। विद्यार्थियों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, वैज्ञानिक सोच, देशभक्ति और शिक्षा के प्रति समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि सपने वही नहीं होते जो सोते समय देखे जाते हैं, बल्कि सपने वे हैं जो हमें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। डॉ. कलाम के प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

समारोह में विद्यार्थियों की ऊर्जा, अनुशासन, आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति देने की कला देखते ही बनती थी। प्रत्येक प्रस्तुति ने बच्चों की मेहनत एवं शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन की झलक दिखाई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि महेश चन्द्र गुप्ता ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सर्वांगीण विकास के अवसरों की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ब्लूमिंगडेल स्कूल का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का विकास करना भी है। विद्यालय निरंतर विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकें।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह ने सभी के मन में अविस्मरणीय यादें छोड़ते हुए यह संदेश दिया कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी क्षमताओं से नई ऊँचाइयों को छू सकते हैं। मंच संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता सैफ उद्दीन एवं उनके मार्गदर्शन में रिदा समर व ज़रीन सिद्दीकी के द्वारा
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com