बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरमई खुर्द में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही पांच लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। गांव निवासी पुष्पेंद्र पुत्र अमर सिंह के अनुसार, सोमवार को वह अपने पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ लोग रास्ते में घात लगाए बैठे थे। जैसे ही वह चारा लेकर घर पहुंचा, आरोपियों ने उसे घर कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बिल्सी स्थित सरकारी अस्पताल भेजा है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com