BRB मॉडल स्कूल में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर श्रद्धापूर्वक किया गया स्मरण
बदायूँ। BRB मॉडल स्कूल, बदायूँ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के लिए उनके द्वारा किए गए अतुलनीय प्रयासों, त्याग एवं समर्पण को याद किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बृजेश भट्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्षों और देश के प्रति उनके बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से अनेक रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के समन्वयक श्री नितिन सक्सेना, श्रीमती प्रतिमा मिश्रा एवं श्री उत्कर्ष सक्सेना तथा पीजीटी हिंदी श्री ज्ञानेंद्र मिश्रा ने भी विशेष प्रार्थना सभा में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, पीजीटी बायोलॉजी श्रीमती श्रद्धा सरस्वत एवं सुश्री करिश्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण श्री वैभव सक्सेना एवं श्री आशीष केवट द्वारा किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित करना तथा उन्हें महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com