आंवला। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आंवला पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। उच्च अधिकारियों के सख्त निर्देश पर गुरुवार देर शाम पांच बजे आंवला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध वाहनों की पड़ताल की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 25 वाहनों के चालान काटे गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी उज्जवल गंभीर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार देर शाम अचानक सतर्कता दिखाते हुए कस्बे के कई संवेदनशील और व्यस्त चौराहों पर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस बल ने रामलीला गेट चौराहा, पुरैना बस स्टैंड और रोडवेज बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध रूप से घूम रहे दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी गहन तलाशी ली।
चेकिंग अभियान के दौरान तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रहे वाहनों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। इस अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों और संदिग्ध रूप से घूमने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने अभियान के तहत करीब 25 वाहनों के चालान काटकर उन्हें सख्त हिदायत दी।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com