आंवला। आंवला में बचपन सुरक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जानकारी में बताया कि स्थानीय ज्ञान दीप इंटर कॉलेज में एक दिवसीय विधिक व्याख्यान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सिविल जज (न्यायमूर्ति) सिद्धान्त यादव ने बच्चों के संरक्षण, उनके विधिक अधिकारों और पोक्सो एक्ट के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
छात्राओं और छात्रों को संबोधित करते हुए सिविल जज सिद्धान्त यादव ने अत्यंत सरल भाषा में समझाया कि बच्चे किस तरह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर आत्म-सुरक्षा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रति बुरी नीयत रखने वाले अपराधियों के लिए कानून में सख्त सजा का प्रावधान है। बच्चों को बिना किसी डर के अपना आत्मविश्वास बढ़ाना चाहिए और किसी भी असहज स्थिति में आवाज़ उठानी चाहिए। विधिक पैनल के सदस्य अक्षय कुमार ने भी बच्चों को कानून की बुनियादी जानकारियां देते हुए अपने विचार साझा किए।
गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद प्रसिद्ध इतिहासकार प्रो. गिरिराज नंदन, शायर व समाजसेवी आफ़ताब अहमद ‘अरीब’, जयगोविन्द सिंह, रामनिवास शर्मा, योगेश माहेश्वरी और अमित शर्मा ने भी बाल सुरक्षा और समाज की भूमिका के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्र प्रकाश शर्मा ने किया। गोष्ठी के समापन पर ज्ञान दीप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com