मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री अवनीश अवस्थी एवं प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्रीमती वी. हेकाली झिमोमी को सौंपे पत्र, बदायूँ की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की रखी मांग
बदायूँ/लखनऊ। बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आदरणीय शहर विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री महेश चंद्र गुप्ता जी निरंतर प्रयासरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के सलाहकार एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री अवनीश अवस्थी जी से शिष्टाचार भेंट कर जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।
इस दौरान विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता जी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा हृदय रोगियों के उपचार के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि बदायूँ एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे जनपदों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक है।
विधायक जी ने बदायूँ में जेल की खाली पड़ी भूमि का जनहित में सदुपयोग करते हुए वहां एक सुव्यवस्थित पार्क विकसित कराने का विषय भी उठाया, जिससे शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल एवं मनोरंजन की सुविधा मिल सके।
श्री अवनीश अवस्थी जी ने इन महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त, विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता जी ने प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन, श्रीमती वी. हेकाली झिमोमी जी से भी मुलाकात की और राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ की व्यवस्थाओं में सुधार के संबंध में पत्र सौंपा।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने तथा अस्पताल की आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता की मूलभूत आवश्यकता हैं और प्रत्येक मरीज को समय पर उचित उपचार मिलना चाहिए।
विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता जी ने कहा कि बदायूँ की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और शहर में जनसुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित स्तरों पर आवश्यक कार्यवाही होने से बदायूँ की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com