।


रिपोर्ट को उच्चाधिकारियों को भेजकर तय होगा अंतिम स्थान, सुरक्षा मानकों का रखा जाएगा विशेष ध्यान।
बिल्सी, बदायूं 27 अक्टूबर ।
दीपावली पर्व पर लगने वाले अस्थायी पटाखा बाजार के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने नगर में तीन संभावित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम गौरव आर्य, सीओ आलोक सिद्धू और कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह की टीम ने सबसे पहले मुजरिया मार्ग पर रंजन तिराहे के पास स्थित खाली जगह का निरीक्षण किया। यहां आवागमन, भीड़ प्रबंधन और फायर सेफ्टी को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद टीम बाबा इंटरनेशनल स्कूल के पास स्थित खाली मैदान पहुंची और वहां की उपलब्ध जगह, पानी और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया। अंत में बदायूं स्टैंड पर प्रस्तावित स्थल को भी देखा गया।
अधिकारियों ने तीनों ही स्थानों पर मौजूद सुविधाओं, दुकानों के लिए पर्याप्त जगह, पार्किंग व्यवस्था और आसपास की आबादी की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी जुटाई।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद तैयार की गई रिपोर्ट अब उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उसी रिपोर्ट के आधार पर पटाखों के अस्थायी बाजार के लिए अंतिम स्थान का निर्धारण किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने किसी भी एक स्थान को फाइनल नहीं किया है। सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले स्थान को ही अनुमति दी जाएगी ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com