11:21 pm Sunday , 25 October 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव रविवार को बिजलीघर की क्षमता दोगुनी, 10 एमवीए का हुआ ट्रांसफॉर्मर

विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया शुभारंभ, लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद

कुंवरगांव, बदायूं। क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुंवरगांव स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता 5 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए कर दी गई है। रविवार को सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हवन-पूजन के बाद फीता काटकर नए क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर का शुभारंभ किया। विद्युत विभाग के अनुसार, इस कार्य पर करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले नगर पंचायत चेयरमैन पति अरविंद रावत ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के साथ लखनऊ में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मुलाकात कर बिजलीघर की क्षमता बढ़ाने की मांग उठाई थी। इसके बाद ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 10 एमवीए कर दी गई।

शुभारंभ के दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है। इससे उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिल सकती है और बिजली की मांग के अनुरूप आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं, उपखंड अधिकारी अमित कुमार और अवर अभियंता मियां कुरैशी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन यशवीर गौतम ने किया। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष नितिन शर्मा,अवनीश शंखधार अजय सक्सेना, राम शर्मा, लवी शर्मा, विकास तिवारी और गुड्डू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.