6:48 pm Saturday , 24 October 2026
BREAKING NEWS

उसैहत में झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का छापा,

उसैहत में झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, बालकराम व वृंदा क्लीनिक को नोटिस

केशव गुप्ता

एसीएमओ के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दी चेतावनी, आयुर्वेदिक पद्धति के अलावा एलोपैथिक दवाएं देने पर क्लीनिक सीज करने की कही बात; छापेमारी के दौरान एक घंटे तक बंद रहे कई क्लीनिकों के शटर
उसैहत (बदायूं)। कस्बा उसैहत में शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसीएमओ के नेतृत्व में झोलाछाप डॉक्टरों और बिना पंजीकरण संचालित हो रहे क्लीनिकों पर छापेमारी की। टीम की कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ. बालकराम और वृंदा क्लीनिक को नोटिस जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छापेमारी के दौरान टीम ने संबंधित क्लीनिक संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार करने वाले चिकित्सक निर्धारित नियमों का पालन करें। आयुर्वेदिक चिकित्सा के नाम पर एलोपैथिक यानी अंग्रेजी दवाओं का प्रयोग करने पर कार्रवाई की जाएगी। टीम ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर क्लीनिक को सीज किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की खबर फैलते ही कस्बे में संचालित कई झोलाछाप और गैर-पंजीकृत डॉक्टरों ने अपने क्लीनिकों के शटर गिरा दिए। करीब एक घंटे तक कई क्लीनिक बंद रहे। टीम के वापस लौटने के बाद ही क्लीनिक संचालकों ने राहत की सांस ली।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से कस्बे में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालकों में खलबली मची रही। अब देखना होगा कि विभाग आगे भी ऐसे क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखता है या नहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.